मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मेड़ाई खेड़ा मजरा हुलास खेड़ा गांव में बीते गुरुवार की देर रात एक सोलह वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार मेड़ाई खेड़ा मजरा हुलास खेड़ा निवासी राजू रावत पुत्र राम प्रसाद रावत ने गुरवार रात्रि करीब 9 बजे यूपी-112 पर सूचना दी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री पूजा ने घर के अंदर सीमेंट की चादरों से बने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने परिजनों की मदद से किशोरी को फंदे से नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। किशोरी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है।
