बच्चों के विवाद की पुरानी रंजिश में दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला, पांच नामजद पर मुकदमा……नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के देवती मजरा छगैड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों भाई घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार देवती मजरा छगैड़ा निवासी सोनू पुत्र हरिनायक ने नगराम थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने भाई सुजीत के साथ थाने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में बच्चों के विवाद की पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही निलेश, त्रिवेन्द्र, शैलेश, युगलराम और राम सिंह लाठी-डंडों से लैस होकर मिल गए।पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर रास्ता रोककर मारपीट करने लगे। हमले में सोनू के सिर और हाथ में चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई सुजीत को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी.घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।