नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के पतौना गाँव में मोटरसाइकिल के सौदे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस के अनुसार गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से पतौना गांव में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि ग्राम पतौना निवासी रंजीत कुमार गौतम व उनकी पत्नी रेखा देवी तथा दूसरे पक्ष के अवधराम गौतम उनकी पत्नी कुशमा और समेसी निवासी अजय कुमार गौतम के बीच मोटरसाइकिल बेचने के लेन-देन को लेकर विवाद हो रहा था।मौके पर पुलिस ने दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष शांत होने के बजाय एक-दूसरे से मारपीट पर आमादा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संज्ञेय अपराध की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले समझौते का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने और झगड़े पर उतारू हो गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
