नगराम।लखनऊ नगराम क्षेत्र के केवली गाँव में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक श्री बैजनाथ रावत रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर पौधरोपण किया।कार्यक्रम की शुरुआत श्री बैजनाथ रावत ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने गांव में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। तत्पश्चात वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया।इस दौरान नीम, पीपल, बरगद, सागवान सहित विभिन्न औषधीय, फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया गया तथा ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बैजनाथ रावत ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और शुद्ध ऑक्सीजन के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से फलदार, फूलदार और औषधीय पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।कार्यक्रम में राहुल कुमार मालवीय, विधिक सलाहकार एवं गौ सेवा उद्योग पत्रिका के संस्थापक, ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं समाजसेवी रघुवर रावत ने मुख्य अतिथि श्री बैजनाथ रावत का भव्य स्वागत किया।वृक्षारोपण के बाद श्री बैजनाथ रावत गांव की गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न नस्लों की गायों का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, अपने हाथों से गायों को आहार खिलाया तथा देसी गाय के दूध से बने व्यंजनों का स्वाद भी लिया। इस अवसर पर उन्होंने गौ सेवा में लगे गौसेवकों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और गौ संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान आलोक कुमार वर्मा समाजसेवी नागेश कुमार, पतंजलि योग समिति गंगागंज के अध्यक्ष, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा केवली के प्रबंधक सर्वेश कुमार यादव, वेद प्रकाश वर्मा, मान सिंह, राम लखन, सुनील दिवाकर, लल्लू सिंह वर्मा, अजीत कुमार, जिला पंचायत सदस्य अभिषेक रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा गौ संरक्षण के महत्व को समाज तक पहुंचाना रहा। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
:::
