निगोहां। क्षेत्र के दखिना गांव में सोमवार से आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से आचार्य जयशंकर शुक्ला ने भगवान शिव के महात्म्य तथा शिव पुराण के महत्व का विस्तार से वर्णन किया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष और युवा पंडाल में मौजूद रहे।
आचार्य जयशंकर शुक्ला ने कहा कि शिव पुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सदाचार, सेवा, त्याग और भक्ति का मार्ग दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। उन्होंने बताया कि भगवान शिव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। सच्चे मन से उनकी आराधना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सत्य, संयम और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कथा के दौरान श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में डूबे रहे और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा के समापन पर आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक अनमोल तिवारी ने बताया कि शिव महापुराण कथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की।
