नशे की लत पूरी करने के लिए पड़ोसी के घर से चुराई थीं तीन बोरियां, जंगल में छिपाकर बेचने की थी तैयारी……
मोहनलालगंज। लखनऊ,निगोहां पुलिस ने गेहूं चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई करीब 150 किलोग्राम गेहूं से भरी तीन बोरियां बरामद की हैं। बरामद गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि बीते 28 जुलाई को दाउदपुर मजरा गोविंदपुर निवासी संतोष कुमार पुत्र लल्लू सिंह ने थाना निगोहां में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने पशुओं को चारा-पानी देने के लिए भूसे वाले कमरे में गया, जहां रखी गेहूं की तीन बोरियां गायब थीं। घटना की जानकारी होने पर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर थाना निगोहां में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दाउदपुर निवासी राम अनुज लोधी पुत्र स्वर्गीय किशन कुमार तथा उसके साथी विवेक कुमार रावत उर्फ कटहुना पुत्र महेश रावत को गिरफ्तार कर लिया गया।थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब व अन्य नशे का सामान खरीदने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसी कारण उन्होंने अपने ही पड़ोसी संतोष कुमार के भूसा रखने वाले कमरे को निशाना बनाया। रात के समय दोनों ने कमरे में घुसकर तीन बोरियां गेहूं की चोरी की और उन्हें जंगल-मंगल तिराहे के पास जंगल में छिपा दिया, ताकि बाद में मौका मिलने पर बेचकर नशे के लिए रुपये जुटा सकें।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई चोरी की तीनों बोरियां बरामद कर लीं। बरामद गेहूं को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। आरोपी राम अनुज लोधी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 272 सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विवेक कुमार रावत उर्फ कटहुना के खिलाफ मारपीट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगोहां पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
