आकस्मिक निरीक्षण के दौरान थाना और चौकी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा व जनसुनवाई को लेकर दिए सख्त निर्देश…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर मोहनलालगंज में प्रशासनिक निष्ठा और धार्मिक सौहार्द की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त आईपीएस मो. मुश्ताक ने मोहनलालगंज कोतवाली और कस्बा पुलिस चौकी का आकस्मिक निरीक्षण करने के साथ-साथ क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ के मंदिर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की, माथा टेका और श्रद्धालुओं के बीच अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। एक मुस्लिम आईपीएस अधिकारी द्वारा सावन के पावन अवसर पर दिखाई गई यह संवेदनशीलता और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी मो. मुश्ताक ने कस्बा चौकी कार्यालय, अभिलेखों, आगंतुक रजिस्टर तथा परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोहनलालगंज कोतवाली का निरीक्षण कर थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, मेस, थाना परिसर, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निष्पादन, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता तथा ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत माल निस्तारण की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
श्रावण मास को देखते हुए डीसीपी ने मोहनलालगंज क्षेत्र के शिवालयों का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
डीसीपी मो. मुश्ताक ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं। उनकी सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मियों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
