मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रही मृतका की सास को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इससे पहले इसी मामले में मृतका के पति और ससुर को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार सास की तलाश के लिए पुलिस की मिशन शक्ति टीम समेत कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।पुलिस के मुताबिक बीते 26 जुलाई को बिजनौर थाना क्षेत्र के परवर पश्चिम निवासी मनोज ने तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने अपनी पुत्री सीमा का विवाह बीते 7 मार्च 2026 को मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा निवासी अमित कुमार से किया था। आरोप है कि विवाह के बाद पति, ससुर और सास कम दहेज मिलने की बात कहकर सीमा को प्रताड़ित करते थे तथा मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। बीते 25 जुलाई को सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मोहनलालगंज पुलिस मायके पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने बीते 28 जुलाई को मृतका के पति अमित कुमार और ससुर रामचन्द्र रावत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सास श्रीमती रावत फरार चल रही थी। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम और मिशन शक्ति टीम उसकी तलाश में जुटी थीं। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने स्वीकार किया कि कम दहेज मिलने को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था और अतिरिक्त रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। हालांकि उसने कहा कि उसे यह नहीं पता था कि सीमा आत्महत्या कर लेगी।
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार चल रही अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
