मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गदियाना गांव में कच्ची झोपड़ी ढह जाने से उसमें सो रही।18 वर्षीय ग्यारहवी की छात्रा रिंकी की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार गदियाना गांव निवासी गोकुल पुत्र स्वर्गीय शिवनाथ आर्थिक रूप से कमजोर हैं और परिवार के साथ छप्परनुमा झोपड़ी में रहकर जीवनयापन करते हैं। बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे अचानक तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश और तेज हवाओं का दबाव झोपड़ी सहन नहीं कर सकी और भरभराकर गिर गई। उस समय पूरा परिवार झोपड़ी के अंदर सो रहा था।झोपड़ी गिरते ही परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन झोपड़ी का भारी हिस्सा रिंकी के ऊपर गिर जाने से वह गंभीर रूप से दब गई। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार ने लेखपाल और मोहनलालगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया।ग्रामीणों ने बताया कि गोकुल का परिवार बेहद गरीब है और वर्षों से कच्ची झोपड़ी में रह रहा था। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि, बीती मध्यरात्रि अत्यधिक वर्षा के दौरान गदियाना गांव में गोकुल की झोपड़ी गिरने से उनकी पुत्री रिंकी की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही राजस्व विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है।
