प्रतिभाशाली छात्रों ने प्रस्तुत किए नवाचार, गरीब मेधावी बच्चों को निःशुल्क सीबीएसई शिक्षा देने की घोषणा…….
मोहनलालगंज।लखनऊ, एडवोकेट एवं हाईकोर्ट लखनऊ की अधिवक्ता तथा एपीएस एकेडमी की चेयरपर्सन श्रीमती सिंधुजा मिश्रा सेनानी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर एपीएस एकेडमी की तेलीबाग स्थित मुख्य शाखा में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स के सभी उद्देश्यों पर आधारित भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य, नवाचार, ऊर्जा संरक्षण तथा सतत विकास जैसे विषयों पर अपने मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों की सराहना प्राप्त की।वहीं, एपीएस एकेडमी इंटर कॉलेज, निकट एयरफोर्स स्टेशन मेमोरा, लखनऊ की नई शाखा में जन्मदिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर चेयरपर्सन श्रीमती सिंधुजा मिश्रा सेनानी ने कहा कि विद्यार्थियों की बहिर्मुखी प्रतिभा ही किसी भी राष्ट्र की दिशा और दशा बदलने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।
अखिल भारतीय श्री चंद्र दत्त मिश्र सेनानी सेवा न्यास के ट्रस्टी एवं एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट दिल्ली तथा हाईकोर्ट लखनऊ श्री शिव प्रकाश मिश्रा सेनानी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट दिल्ली श्री प्रथमेश प्रकाश मिश्रा सेनानी ने कहा कि विद्यालय के सम्मानित अभिभावकों ने अपना अमूल्य समय निकालकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया, जिसके लिए समस्त विद्यालय परिवार उनका हृदय से आभारी है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का सहयोग ही विद्यार्थियों की सफलता की सबसे बड़ी शक्ति है।विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. प्रीति मिश्रा सेनानी ने घोषणा करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एपीएस एकेडमी इंटर कॉलेज, निकट एयरफोर्स स्टेशन मेमोरा, लखनऊ में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी मेधावी छात्र आर्थिक अभाव के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे।कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, इं. हरिकिशोर तिवारी, भाजपा नेता विनोद मिश्रा, रविन्द्र तिवारी, पत्रकार संजय शुक्ला एवं डॉक्टर अजय सत्यम पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनके नवाचार, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने चेयरपर्सन श्रीमती सिंधुजा मिश्रा सेनानी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में एपीएस एकेडमी भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
