मोहनलालगंज, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का शुक्रवार को प्रतापगढ़ जनपद के कार्यक्रम में जाते समय मोहनलालगंज कस्बे में भव्य स्वागत किया गया। पांडे कॉम्प्लेक्स के सामने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. अजय पांडे ‘सत्यम’ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर डॉ. रोहित मिश्रा का जन्मदिन भी पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाया गया।स्वागत समारोह में भाजपा मोहनलालगंज मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ‘मोनू’, सभासद सोनू शर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भाजपा युवा मोर्चा जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।इस अवसर पर डॉ. रोहित मिश्रा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाला युवा आंदोलन है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज सेवा, राष्ट्रहित और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।डॉ. मिश्रा ने कहा कि “देश का युवा ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़े, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। हमें राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचानी है।उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को शिक्षा, कौशल, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा गांव-गांव तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर डॉ. रोहित मिश्रा का जन्मदिन मनाया तथा उनके स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पूरे आयोजन में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का विशेष उत्सव देखने को मिला।
