मोहनलालगंज।लखनऊ,जनपद के किसानों के लिए कृषि विभाग ने कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया है। उप कृषि निदेशक लखनऊ विनय कुमार कौशल ने बताया कि किसान 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक एग्रीग्रेटर, कृषि ड्रोन, फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों तथा अन्य एकल कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरणों की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। किसान अपने लैपटॉप, डेस्कटॉप अथवा किसी भी जन सेवा केंद्र के माध्यम से विभागीय पोर्टल पर जाकर ‘किसान कॉर्नर’ में ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं।उप कृषि निदेशक ने बताया कि सीआरएम क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित एकल कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत तथा कस्टम हायरिंग सेंटर पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत ग्रामीण उद्यमियों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर पर 40 प्रतिशत तथा एकल कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।उन्होंने बताया कि कृषि ड्रोन योजना का लाभ कृषि स्नातक, एग्रीजंक्शन संचालक, ग्रामीण उद्यमी एवं एफपीओ उठा सकेंगे, जबकि फार्म मशीनरी बैंक योजना का लाभ केवल एफपीओ को मिलेगा। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन के समय किसानों को यंत्रवार निर्धारित जमानत धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। ₹10,001 से ₹1 लाख तक अनुदान वाले यंत्रों के लिए ₹2,500 तथा ₹1 लाख से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए ₹5,000 जमानत राशि निर्धारित की गई है। ई-लॉटरी में चयन न होने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।उप कृषि निदेशक विनय कुमार कौशल ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 10 अगस्त का इंतजार न करें और समय रहते विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, लखनऊ से संपर्क कर सकते हैं।
