मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विकास खंड अधिकारी शिव कुमार का सरकारी मोबाइल नंबर साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसके बाद हैकरों ने उनके व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए लोगों को संदेश भेजकर 48 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। मामले की जानकारी होने पर बीडीओ ने तत्काल मोहनलालगंज पुलिस से शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने विकास खंड अधिकारी के सरकारी व्हाट्सएप अकाउंट से उनके परिचितों एवं विभागीय कर्मचारियों को संदेश भेजे। संदेश में किशनपाल सिंह, सचिव के नाम का हवाला देते हुए तत्काल 48 हजार रुपये की आवश्यकता बताकर ऑनलाइन धनराशि भेजने की मांग की गई। सरकारी अधिकारी के नंबर से संदेश आने के कारण कुछ लोगों को मामला सही प्रतीत हुआ, लेकिन समय रहते इसकी जानकारी बीडीओ शिव कुमार को मिल गई।जैसे ही उन्हें अपने सरकारी नंबर के हैक होने की सूचना मिली, उन्होंने संबंधित लोगों को किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने मोहनलालगंज पुलिस को पूरे प्रकरण की जानकारी दी और साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।बीडीओ शिव कुमार ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके सरकारी मोबाइल नंबर या व्हाट्सएप से किसी भी प्रकार के रुपये मांगने अथवा संदिग्ध संदेश प्राप्त हों तो उन पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि किए किसी भी खाते में धनराशि स्थानांतरित न करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप पर पैसे मांगने की स्थिति में पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।
