मोहनलालगंज। लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव में फर्नीचर की दुकान का ताला तोड़कर लाखों की मशीनें चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई छह मशीनें बरामद की हैं। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, मऊ गांव निवासी अशोक शर्मा की फर्नीचर की दुकान से बीते शुक्रवार को वुड कटिंग मशीन, प्लेनर मशीन, ग्राइंडिंग मशीन, ड्रिल मशीन, रोटर मशीन और हैमर मशीन चोरी हो गई थीं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की थी।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीते शनिवार को मऊ नहर पुलिया के पास से 20 वर्षीय छोटू पुत्र स्वर्गीय रामसजीवन निवासी मऊ, मोहनलालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की सभी छह मशीनें बरामद कर लीं।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बीते शुक्रवार की रात करीब 3:30 बजे दुकान में चोरी की थी। दुकान का दरवाजा हल्का होने के कारण धक्का देने पर खुल गया, जिसके बाद वह अंदर घुसकर अलमारी में रखी फर्नीचर बनाने वाली मशीनें चोरी कर ले गया। आरोपी इन मशीनों को बेचने के लिए ले जाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में भी मोहनलालगंज थाने में मारपीट और धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक परवेज, उपनिरीक्षक अतुल सिंह, उपनिरीक्षक मंगल कुमार, कांस्टेबल आकाश कुमार और कांस्टेबल विजय सरोज शामिल रहे।
