हुसैनाबाद और नगराम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, 2027 में सपा को मजबूत करने का लिया संकल्प……
मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम कस्बे में और हुसैनाबाद गाँव में सोमवार को वीरांगना एवं पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए सामाजिक बराबरी, महिला सम्मान और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को रेखांकित किया।कार्यक्रम के दौरान मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि फूलन देवी ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के लिए जागरूक होने की जरूरत है।जयंती समारोह का आयोजन एवं संचालन समाजवादी पार्टी के विधानसभा महासचिव गजराज रावत ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छोटे लाल कश्यप ने की। कार्यक्रम में फूलन देवी के जीवन और संघर्ष पर वक्ताओं ने विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी का जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने गरीबी, सामाजिक भेदभाव और उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों का सामना किया और बाद में राजनीति के क्षेत्र में कदम रखकर देश की संसद तक पहुंचीं।
वक्ताओं ने बताया कि फूलन देवी का जन्म 10 अगस्त 1963 को उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के गोरहा का पुरवा गांव में एक गरीब मल्लाह परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम देवी दीन और माता का नाम मूला देवी था। आर्थिक तंगी और सामाजिक परिस्थितियों के बीच उनका बचपन बीता। कम उम्र में विवाह के बाद उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में उनका जीवन बीहड़ों से लेकर संसद तक के सफर के लिए जाना गया।वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी ने अपने जीवन के संघर्षों के बाद राजनीति में प्रवेश किया और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में उन्हें संसद तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि फूलन देवी का राजनीतिक सफर समाज के पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों के लिए प्रेरणा का विषय है।जयंती समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित, किसान, मजदूर और गरीब तबके के हितों की आवाज को मजबूती से उठाना ही फूलन देवी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा, सांसद प्रतिनिधि संतोष रावत, मनोज पाल, राज किशोर रावत राजू, राम सागर पासी, समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने फूलन देवी के संघर्षों और विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
