निगोहां। निगोहा के दखिना गांव में आयोजित सात दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा के समापन के बाद सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में दखिना समेत आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही भंडारा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी, जो देर शाम तक बनी रही। भंडारे की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद की गई। आयोजक व ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था संभाली। पंगत में बैठाकर श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी समेत विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद परोसा गया। युवाओं और ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में योगदान दिया। इससे पहले कथा के सात दिनों में आचार्य जयशंकर शुक्ला जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा, माता पार्वती से विवाह, भगवान कार्तिकेय के जन्म सहित शिवमहापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया था। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। भंडारे के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजक अनमोल तिवारी ने कथा और भंडारे को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं।
