वृंदावन सेक्टर-12 चौराहे पर हुआ हादसा, परिजनों ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की…….
मोहनलालगंज।लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-12 चौराहे पर सोमवार की देर रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पीजीआई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के मुताबिक निगोहां क्षेत्र के मीरक नगर कांटा गांव निवासी सरवन चौरसिया का 21 वर्षीय बेटा नितिन चौरसिया ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जेमैटो में काम करता था। सोमवार को नितिन रोज की तरह अपनी बाइक से ऑनलाइन पार्सल पहुंचाने के लिए वृंदावन गया था। रात करीब 11 बजे वह वृंदावन के सेक्टर-12 चौराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे की मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम…….
नितिन की मौत की सूचना जैसे ही मीरक नगर कांटा गांव स्थित घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता सरवन चौरसिया का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नितिन जेमैटो कंपनी में कार्यरत था और रोजाना अपनी बाइक से डिलीवरी के लिए आता-जाता था। सड़क हादसे में अचानक बेटे की मौत से पूरा परिवार बिखर गया।मृतक की मां पुष्पा और छोटे भाई जितेन्द्र चौरसिया समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नितिन की मौत की खबर से पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिजनों ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया।पीजीआई कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
