खेत में दवा डालने के बाद तालाब में उतरा था नीरज, पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया; परिवार में मचा कोहराम……..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव में मंगलवार दोपहर खेत में दवा डालने के बाद तालाब में हाथ-पैर धोने गए 37 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी। करीब 45 मिनट बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।मऊ गांव निवासी नीरज यादव 37 पुत्र गया प्रसाद मंगलवार दोपहर अपने खेत में दवा डालने गया था। खेत में दवा का छिड़काव करने के बाद वह पास स्थित तालाब में हाथ-पैर धोने पहुंचा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। नीरज को पानी में डूबते देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण दिनेश यादव ने शोर मचाया और घटना की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी।युवक के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक अतुल सिंह और उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश कराने का प्रयास किया, लेकिन तालाब का पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी।
उपनिरीक्षक कपिल पटेल के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम लखनऊ से रवाना हुई और करीब 45 मिनट के रिस्पांस टाइम में घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने नीरज के शव को तालाब से बाहर निकाल लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।नीरज चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई नागेंद्र और मुकेश हैं, जबकि छोटा भाई पुल्ला है। बताया गया कि नीरज की मां का काफी समय पहले निधन हो चुका था। परिवार के एक सदस्य की अचानक हुई मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहनलालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि मऊ गांव में युवक के तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। एसडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
