एक पक्ष ने जातिसूचक गालियां देकर मारपीट का लगाया आरोप, दूसरे ने ईंट-पत्थर लेकर दौड़ाने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप—–
निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के मंगटइया गांव स्थित संगम फीलिंग पेट्रोल पंप पर बीते 15 सितंबर को डीजल-पेट्रोल डलवाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों मुकदमों की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।पहले मामले में राती गांव निवासी लवकुश रावत ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 15 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे मंगटइया स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल डलवाने को लेकर उसका पेट्रोल पंप कर्मी/विपक्षी विक्की सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विक्की सिंह ने जातिसूचक गालियां देते हुए लात-घूंसों और डंडे से उसके साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें बीएनएस की धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से मंगटइया निवासी विक्की सिंह ने लवकुश और सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विक्की सिंह का आरोप है कि 15 सितंबर को पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान लवकुश ने गाली-गलौज की और अपने साथियों के साथ ईंट-पत्थर लेकर उसके पीछे दौड़ा। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में विवेचनात्मक कार्रवाई प्रचलित है। अभी किसी भी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
