नदौली इंटरनेशनल ड्रेन में अवरोध से खेतों का पानी नहीं निकलने का आरोप, किसानों ने सिंचाई विभाग से कार्रवाई की मांग की——मोहनलालगंज, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के नदौली गांव में किसानों के लिए जल निकासी का महत्वपूर्ण माध्यम बनी नदौली इंटरनेशनल ड्रेन में कथित रूप से बंधा लगाकर मछली पकड़ने का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि ड्रेन की सफाई इसी वर्ष कराई गई थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा ड्रेन में बंधा और मच्छरदानी लगाकर मछली पकड़ने का काम किया जा रहा है। इससे पानी का बहाव बाधित हो गया है और बरसात के कारण आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।रविवार को किसानों के बुलावे पर मौके पर पहुंचे किसान नेताओं और ग्रामीणों ने स्थिति का जायजा लिया। किसानों ने आरोप लगाया कि नदौली निवासी छोटेलाल रावत पुत्र बेचालाल और सहजराम रावत पुत्र दुखीराम द्वारा ड्रेन में बंधा लगाकर पानी के निकास को बाधित किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि खेतों में पहले से बारिश का पानी भरा हुआ है और ड्रेन के अवरुद्ध होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने ड्रेन में बंधा लगाने का विरोध किया तो संबंधित लोग विवाद पर आमादा हो जाते हैं। किसानों के मुताबिक, विरोध करने पर उन्हें हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी जाती है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने सिंचाई विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर ड्रेन से अवरोध हटवाने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।मामले को लेकर किसानों ने सिंचाई विभाग के सींचपाल से भी बातचीत की। सींचपाल ने किसानों को बताया कि उन्हें ड्रेन में बंधा लगाए जाने की जानकारी नहीं है और वह सोमवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रेन में किसी भी व्यक्ति को बंधा लगाकर पानी का बहाव रोकने की अनुमति नहीं है। यदि किसी ने बंधा लगाकर ड्रेन का पानी रोका है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।किसानों का कहना है कि नदौली इंटरनेशनल ड्रेन की सफाई इसी वर्ष कराई गई थी, ताकि बारिश के दौरान खेतों और आसपास के क्षेत्र से पानी की सुचारु निकासी हो सके। ऐसे में ड्रेन में दोबारा अवरोध पैदा होने से सफाई का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर अवरोध तत्काल हटवाने और भविष्य में ड्रेन में किसी तरह का बंधा न लगाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।मौके पर हरिपाल सिंह, मंडल महामंत्री लखनऊ, बद्रीविशाल, अवधेश शुक्ला, कृष्णपाल सिंह, राजेश कुमार सिंह, सत्यनारायण सहित दर्जनों जलभराव से प्रभावित किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ड्रेन से अवरोध नहीं हटाया गया तो वे सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
