
अमेठी। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस हाईकमान राहुल और सोनिया पर चार्जशीट दाखिल किए जाने के विरोध में बुधवार को अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।
कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए हनुमान तिराहे तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध है। कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि राहुल गांधी देश की आवाज़ बन चुके हैं। भाजपा सरकार उन्हें डराने और दबाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस पार्टी मजबूती से जनता की आवाज उठाने में लगती है तो हमारे नेताओं को परेशान किया जाता है। लेकिन कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता चट्टान की तरह उनके साथ खड़ा है। दीपक शिवहरे ने कहा कि युवाओं की ताकत राहुल गांधी के साथ है। हम सड़क से संसद तक संघर्ष करेंगे। सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। शुभम सिंह ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस का नहीं, देश के लोकतंत्र का सवाल है। हम संविधान की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर अवनीश सेनानी, राजू ओझा, रामबरन कश्यप, सौरभ सिंह, विकास बारी, शिवेंद्र विक्रम सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।