- छात्रों ने देशभक्ति गीतों, नाट्य व भाषणों से किया वीर शहीदों को नमन…….
मोहनलालगंज। लखनऊ,कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्काई पब्लिक स्कूल मोहनलालगंज के सिसेंडी में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का भाव प्रकट किया।कार्यक्रम में बच्चों ने कारगिल युद्ध की वीर गाथाओं पर आधारित नाटक, देशभक्ति गीतों पर नृत्य और ओजस्वी भाषणों के जरिए वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय परिसर देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।यूरो वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कक्षा तीन की अंशी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कक्षा चार के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी।कक्षा पांच के बच्चों ने ‘हीर आसमानी’ गीत पर नृत्य व नाट्य रूपांतरण किया, जो कारगिल युद्ध की झलक प्रस्तुत कर रहा था।कक्षा छह के विद्यार्थियों ने एक भावपूर्ण देशभक्ति स्किट प्रस्तुत की, जिसमें भारतीय सेना के त्याग और बलिदान को दर्शाया गया।कक्षा सात के छात्रों ने देशभक्ति से सराबोर गीतों पर समूह नृत्य कर माहौल को जोश से भर दिया।वहीं, कक्षा नौ की बालिकाओं ने ‘विजयी भव’ गीत पर रानी लक्ष्मीबाई की वीरता पर आधारित शानदार प्रस्तुति दी, जो दर्शकों की तालियों से गूंज उठी।कक्षा दस के विद्यार्थियों ने ओजस्वी देशभक्ति भाषणों से दर्शकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना और प्रबल कर दी।समारोह के अंत में विद्यालय के प्रबंधक आदित्य सिंह यादव ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के अंदर देशप्रेम, आत्मबल और नेतृत्व कौशल को बढ़ाते हैं। यह देखकर गर्व होता है कि हमारे विद्यार्थी शहीदों के बलिदान को इतनी गंभीरता से समझते हैं।विद्यालय के प्रधानाचार्य राहुल शुक्ला ने भी छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के योगदान की सराहना की।इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में दीप्ति मैम, भावना मैम, प्राची मैम, सीमा मैम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
