- पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हुआ पति, घरेलू विवाद बना खूनी वारदात……
लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के शेखन खेड़ा गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। एक मजदूर ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शेखन खेड़ा गांव में ससुराल में रह रहे मजदूर राजेश रावत ने रविवार रात अपनी पत्नी राजेश्वरी (46) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी पति घर से भाग निकला।बताया जा रहा है कि राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अक्रूदू गांव का रहने वाला है और कई वर्षों से अपनी ससुराल शेखन खेड़ा में ही रह रहा था। दंपति के पांच बच्चे हैं—गुलशन (22), मंजीत (20), अजय (18), रजनीश (15) और आयुष (7)।घटना के समय बड़ा बेटा गुलशन समेत परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस में बलराम के बेटे के पैपूंजी कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन घर लौटा तो उसने कमरे में चारपाई पर अपनी मां को खून से लथपथ पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।सूचना मिलते ही निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।बड़े बेटे गुलशन ने बताया कि उसके पिता राजेश शराब पीने के आदी थे और नशे में अक्सर घर में झगड़ा करते थे। इसी से परेशान होकर उसकी मां ने पैतृक जमीन बिकवाकर करीब दो साल पहले शेखन खेड़ा में घर बनवाकर रहना शुरू किया था। लेकिन यहां भी पिता की आदत नहीं बदली और वह शराब पीकर अक्सर विवाद करते रहते थे।घटना की खबर फैलते ही गांव सहित आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा
