मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भदेसुआ गांव में इन दिनों बंदरों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। गांव में लगातार हो रहे हमलों से लोग भय और आक्रोश के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।हाल ही में सामने आए एक वीडियो में गांव के लोग अपनी पीड़ा और गुस्सा जाहिर करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक केवल इसी मोहल्ले में बंदरों के हमले से दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। आए दिन हो रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।गांव की महिलाओं ने बताया कि बंदर बेहद आक्रामक हो गए हैं। वे घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान छीन ले जाते हैं और विरोध करने पर हमला कर देते हैं। एक महिला ने रोते हुए बताया कि बंदरों ने उसकी पोती को काट लिया, जिससे परिवार दहशत में है। वहीं एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि उनकी बहू पर बंदरों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके निशान अब भी उसके शरीर पर साफ देखे जा सकते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग अपनी छतों और गलियों में जाने से भी डरने लगे हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा निशाने पर हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों में आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। कुछ लोगों ने आत्मरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि कोई बड़ी घटना होने से बच सके।ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
