मोहनलालगंज।निगोहां क्षेत्र के मदाखेड़ा से गौतमखेड़ा को जोड़ने वाला करीब चार किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे क्षेत्रीय लोगों का आवागमन दिन-प्रतिदिन बाधित होता जा रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि अब यह सड़क कम और गड्ढों की श्रृंखला ज्यादा नजर आती है। आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग घने जंगल के बीच से होकर मदाखेड़ा मंदिर को जोड़ता है, जहां श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन सड़क की दुर्दशा के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद हालात और भी बदतर हो गए हैं, गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व इस मार्ग पर खनन कार्य में लगे डंपरों के आवागमन से सड़क और अधिक खराब हो गई थी। तब ग्रामीणों और राहगीरों ने विरोध करते हुए डंपरों का आवागमन रोककर प्रदर्शन किया था। उस दौरान खनन संचालकों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही मार्ग का डामरीकरण कराया जाएगा। आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने डंपरों को चलने दिया था।हालांकि खनन कार्य समाप्त होने के बाद भी अब तक सड़क का डामरीकरण नहीं कराया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क को गड्ढा मुक्त कराकर डामरीकरण नहीं कराया गया तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, प्रदेश सरकार के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ के दावों पर भी स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
