ग्राम समाज की जमीन, निशानदेही और कब्जेदारी को लेकर फरियादियों ने लगाई गुहार, मौके पर सिर्फ 59 मामलों का निस्तारण…….
मोहनलालगंज।लखनऊ, शनिवार को तहसील मोहनलालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस फरियादियों की भारी भीड़ और भूमि विवादों से जुड़े मामलों के कारण पूरे दिन चर्चा में रहा। तहसील परिसर में सुबह से ही शिकायतकर्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। अवैध कब्जा, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण, जमीन की निशानदेही, पुलिस कार्रवाई और राजस्व विवादों को लेकर लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।समाधान दिवस में कुल 253 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मौके पर केवल 59 शिकायतों का निस्तारण हो सका जबकि 194 मामले लंबित रह गए। सबसे ज्यादा 119 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित रहीं, जिनमें 33 का निस्तारण किया गया। राजस्व एवं पुलिस से जुड़े 33 मामलों में केवल 7 शिकायतों का समाधान हो सका। समाज कल्याण विभाग में 23, शिक्षा विभाग में 9 तथा अन्य विभागों से संबंधित 64 शिकायतें दर्ज हुईं।
45 वर्षों से कब्जे वाली भूमि पर जबरन निर्माण का आरोप……
मोहनलालगंज के बक्तौरी खेड़ा मजरा मेंहदौली निवासी विकास पुत्र स्व. राजाराम ने शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम समाज की भूमि पर उसका करीब 45 वर्षों से कब्जा है। पीड़ित के अनुसार उसने वहां कमरा और बरामदा बनवा रखा है तथा कई पेड़ भी लगाए हैं, जिनकी वह वर्षों से देखभाल करता आ रहा है।आरोप है कि गांव के ही कौशल पुत्र बदलू ने 27 अप्रैल की रात लोहे की तारबंदी काटकर जबरन निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई। पीड़ित ने प्रशासन से कब्जा रोकने और न्याय दिलाने की मांग की है।गढ़ी निवासी सुनील कुमार जायसवाल ने तहसील दिवस में शिकायत देकर बताया कि ग्राम मऊ स्थित गाटा संख्या 3226 के बंटवारे संबंधी मुकदमे में एसडीएम न्यायालय से अंतिम डिग्री का आदेश पारित हो चुका है।पीड़ित के अनुसार 6 मई को राजस्व टीम द्वारा निशानदेही भी की जा चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू करते ही विपक्षी पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दोबारा पैमाइश होने तक निर्माण रोक दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उसे अपनी ही जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में दोबारा निशानदेही कराकर कब्जा दिलाने की मांग की।
बंजर भूमि पर कब्जे को लेकर शिकायत…….
ग्राम पंचायत शेरपुर लवल निवासी मनीष कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की बंजर भूमि गाटा संख्या 1246 पर अवैध कब्जा किया जा रहा है।शिकायत के मुताबिक रायबरेली निवासी एक व्यक्ति द्वारा 2 मई को उक्त भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा शुरू किया गया था। सूचना मिलने पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद रात में लगातार मिट्टी डलवाकर कब्जा कर लिया गया। शिकायतकर्ता ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे अधिकांश मामलों में भूमि विवाद, अवैध कब्जा और राजस्व संबंधी शिकायतें प्रमुख रहीं। कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि आदेश और पैमाइश होने के बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है।तहसील दिवस में उमड़ी शिकायतों की संख्या ने प्रशासनिक व्यवस्था और राजस्व विवादों की गंभीर स्थिति को भी उजागर किया। अधिकारियों ने सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
