लालपुर दखिना टावर के पास तड़के वारदात, मोबाइल और नकदी भी लूटी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस…….
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में रविवार तड़के ड्यूटी से घर लौट रहे युवक को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोककर मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के सेहगों पश्चिम निवासी अजीत सिंह पुत्र साहबदीन ने निगोहां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह रविवार तड़के करीब 3:20 बजे अपनी ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-32-आरजे-6248 से घर लौट रहा था। जैसे ही वह निगोहां क्षेत्र के लालपुर दखिना टावर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने अचानक उसकी बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल तिरछी लगाकर उसे रुकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद तीनों युवक उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया। इसी दौरान बदमाश उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जेब में रखे करीब 500 रुपये नकद छीनकर मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वह संभल भी नहीं सका। बदमाशों ने चेहरे पर कपड़ा या मास्क बांध रखा था अथवा नहीं, इस संबंध में पीड़ित स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका क्योंकि घटना अंधेरे में और अचानक हुई। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि बदमाशों के पास कोई असलहा था या नहीं। हालांकि मारपीट और धमकाने के अंदाज से पीड़ित काफी घबरा गया था।घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से बदमाशों की पहचान में जुटी है। सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसओ निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
