वृंदावन योजना में मकान बेचने के नाम पर करीब 74 लाख रुपये हड़पने का आरोप, दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित…….
मोहनलालगंज।लखनऊ,राजधानी लखनऊ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मोहनलालगंज पुलिस ने एक और शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी केनरा बैंक में मंडल प्रबंधक के पद पर तैनात बताया जा रहा है, जिसने बैंकिंग प्रक्रिया का भरोसा दिलाकर पीड़िता से बड़ी रकम जमा करवाई थी।पुलिस के अनुसार उन्नाव जनपद के बेहटा नथई सिंह निवासी गायत्री देवी पत्नी विजय कुमार सिंह ने थाना पीजीआई में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता का आरोप था कि सुनील कुमार शुक्ला, रवि सिंह, सर्वेश कुमार पाण्डेय, गौरव अवस्थी, विपिन कुमार शुक्ला, रीतू सिंह, कंचनलता उर्फ अंजना समेत अन्य लोगों ने संगठित गिरोह बनाकर वृंदावन योजना स्थित मकान बेचने के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और झूठे आश्वासन देकर करीब 73 लाख 99 हजार 911 रुपये हड़प लिए।इस मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 14/2025 धारा 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 351(3), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में विवेचना मोहनलालगंज कोतवाली को स्थानांतरित की गई। पुलिस अब तक चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।इसी क्रम में पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से वांछित आरोपी सत्येश प्रशांत पुत्र रामराज, उम्र करीब 47 वर्ष, मंडल प्रबंधक केनरा बैंक आरएएच गोरखपुर को गोरखपुर जिले के नौका बिहार तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में इंदिरानगर थाना गाजीपुर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सत्येश प्रशांत ने अपने बैंकिंग पद का प्रभाव इस्तेमाल करते हुए पीड़िता को भरोसा दिलाया था कि मकान के मूल दस्तावेज बैंक प्रक्रिया में सुरक्षित हैं और ऋण भुगतान के बाद बैनामा कराने में कोई दिक्कत नहीं होगी। इसी भरोसे में आकर पीड़िता लगातार रकम जमा करती रही।
मामले में अभी भी दो आरोपी फरार चल रहे हैं। इनमें विपिन शुक्ला पुत्र पारस नाथ शुक्ला तथा सुशील कुमार शुक्ला पुत्र माता प्रसाद शुक्ला निवासी पटेलनगर निलमथा थाना सुशांत गोल्फ सिटी शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
