निगोहां, लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के दखिना शेखपुर स्थित अपना ढाबा के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायबरेली से लखनऊ जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे बाइक व कार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे रायबरेली डिपो की बस संख्या UP 33 AT 6494 रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही थी। दखिना शेखपुर स्थित अपना ढाबा के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़कर लखनऊ से रायबरेली जाने वाली लेन में पहुंच गई। इस दौरान बस ने सामने से आ रही होंडा एसपी बाइक संख्या UP 33 BE 0883 तथा स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP 32 TN 0480 को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन अनियंत्रित हो गए। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार और बस को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में बाइक सवार पिंटू पुत्र जवाहर लाल निवासी ग्राम छोटीखेड़ा, थाना बछरावां, जनपद रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल पिंटू को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।सूचना मिलते ही थाना निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस, बाइक और कार को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि रायबरेली से लखनऊ जा रही रोडवेज बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने से यह दुर्घटना हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे शीघ्र ही सामान्य करा दिया गया। वर्तमान में मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना बेहद भयावह थी। बस के डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंचने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
