मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया स्थित ईसाई कुष्ठ रोग ज्योति नगर कॉलोनी के पास शान्ति हॉस्पिटल के निकट रविवार को सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मनोज पुत्र सरी मांझी, निवासी थाना मोहनलालगंज, जनपद लखनऊ के रूप में हुई।मृतक की पत्नी मन्नू कुमारी ने पुलिस को बताया कि मनोज शराब पीने का आदी था। बीते शुक्रवार से वह लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था और उसी दिन से घर से बिना बताए निकला था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार को उसके शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की कोई खुली चोट या बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला अत्यधिक शराब के सेवन से संबंधित प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि फुलवरिया क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान मनोज के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
