निगोहा, लखनऊ। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर क्षेत्र के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र भवरेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए निगोहा पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए थाना प्रभारी रविंद्र कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ देर शाम मंदिर मार्ग, लखनऊ–रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग तथा आसपास के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सावन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर मार्ग के प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई गई है, जिससे दर्शनार्थियों की आवाजाही व्यवस्थित ढंग से हो सके और भीड़ नियंत्रण में कोई परेशानी न आए। वहीं रात्रि में कांवड़ियों एवं अन्य श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे रिफ्लेक्टर भी लगवाए गए हैं, ताकि अंधेरे में दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को विशेष पुलिस व्यवस्था लागू रहेगी। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, मुख्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सहज वातावरण में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कराना भी है। इसके लिए पुलिस टीम पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहेगी।पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, वाहन निर्धारित स्थानों पर खड़े करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों अथवा निगोहा पुलिस से संपर्क करें।सावन के प्रथम सोमवार को लेकर निगोहा पुलिस की व्यापक तैयारियों और थाना प्रभारी रविंद्र कुमार की सक्रिय मॉनिटरिंग से क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास का माहौल बना हुआ है। प्रशासन को उम्मीद है कि पुलिस और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होगा।
