मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरा स्थित धनक सिंह ढाबा के पास किराए के मकान के रहने वाले युवक की घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, लवकुश पुत्र इन्दपाल, निवासी नगराम थाना क्षेत्र के समेसी, वर्तमान में मोहनलालगंज के गौरा स्थित धनक सिंह ढाबा के पास किराए के मकान में रहकर काम करता है। उसके पास होंडा शाइन मोटरसाइकिल UP 32 PM 5631 पीड़ित के अनुसार उसने बुधवार रात अपनी बाइक मकान के बाहर खड़ी की थी।देर रात करीब 2:48 बजे दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और कुछ ही मिनटों में बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले गए। सुबह जब लवकुश बाहर निकला तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस से शिकायत की।घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका सोशल मीडिया पर तेजी से मैसेज वायरल हुआ। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मोहनलालगंज पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की जाएगी।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि,पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
