सिर व हाथों में आए गंभीर घाव, कई टांके लगे; मोहनलालगंज पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा……..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में पुराने सम्बंधों को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया।आरोप है कि पहले एक युवक ने महिला को मिलने के बहाने बुलाया और वहां पहले से मौजूद उसकी पत्नी, मां और भाई ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के उदवतखेड़ा गाँव निवासी मोनी पत्नी सुनील ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते सोमवार की शाम करीब चार बजे रज्जन पुत्र कामता ने उसे कस्तूरबा विद्यालय के पास मिलने के लिए बुलाया था। पीड़िता के अनुसार बीते कुछ समय से उसके और रज्जन के बीच अच्छे संबंध थे, इसलिए वह उसके बुलाने पर निर्धारित स्थान पर पहुंच गई।महिला का आरोप है कि मौके पर रज्जन नहीं मिला, बल्कि उसकी पत्नी रूबीना वहां पहुंची और बिना किसी बातचीत के लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान रज्जन की मां और उसका भाई भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़िता के मुताबिक हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार किया गया।चिकित्सकीय परीक्षण में महिला के सिर में तीन टांके, बाएं हाथ में 25 टांके, बाईं हथेली में दो टांके तथा दाहिने हाथ में पांच टांके लगाए गए। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने महिला का उपचार कर आवश्यक मेडिकल परीक्षण कराया।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि, महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
