मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक मोहनलालगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बीते 26 जुलाई की रात उसकी 16 वर्षीय पुत्री आभूषण और नकदी लेकर घर से कहीं चली गई थी। जानकारी करने पर पता चला कि गांव फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा निवासी सनी पुत्र स्व. अशोक कुमार भी अपने घर पर मौजूद नहीं था। परिजनों को आशंका हुई कि सनी उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी करने पर विपक्षी पक्ष द्वारा उसके साथ विवाद किया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर पीड़िता की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।पुलिस के मुताबिक मंगलवार को आरोपी सनी को गिरफ्तार कर लिया गया और नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और किशोरी एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। आरोपी के अनुसार उसने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ नादरगंज, लखनऊ ले गया था। बाद में जब उसे पता चला कि किशोरी के परिजनों ने उसके और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है तो वह किशोरी को उसके घर छोड़ने के लिए वापस आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी किशोरी के साथ ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगने की बात भी कही।
