सरेनी/रायबरेली- सरेनी क्षेत्र सहित लालगंज और डलमऊ क्षेत्र के विभिन्न पावर हाउसों में कथित अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में आज सरेनी पावर हाउस के सामने बिजली सत्याग्रह एवं धरना प्रदर्शन किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में नौजवानों और क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन में शामिल होकर विद्युत आपूर्ति की समस्या के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम का नेतृत्व अभिनव तिवारी ‘संगम’ ने किया। सत्याग्रह के दौरान सरेनी, मलकेगांव, भोजपुर और रावतपुर कला पावर हाउस सहित लालगंज एवं डलमऊ क्षेत्र के विभिन्न पावर हाउसों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार विद्युत कटौती और अनियमित आपूर्ति से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन सरेनी के एसडीओ को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने, निर्धारित एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।
बारिश के बीच भी डटे रहे प्रदर्शनकारी
सत्याग्रह की खास बात यह रही कि तेज बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच नौजवानों और ग्रामीणों ने धरना जारी रखते हुए विद्युत समस्या के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली आपूर्ति क्षेत्र के किसानों, बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और आम जनजीवन से सीधे जुड़ा विषय है।
कार्यक्रम में प्रभात सिंह, सर्वेश कुमार, बृजपाल शिक्षक, मोहम्मद नईम, विनय वर्मा, पप्पू बीडीसी, शुभम सिंह, राजेश सविता, पवन त्रिवेदी, अंकित त्रिवेदी, सुमित कुमार सविता, मोहम्मद अकरम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विद्युत समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर जनहित के मुद्दे को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
