डुगडुगी बजाकर पुलिस ने ग्रामीणों को दी कार्रवाई की जानकारी, मकान पर चस्पा किया आदेश…….
मोहनलालगंज। लखनऊ। समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ निगोहां पुलिस ने गुंडा अधिनियम के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने आरोपी के गांव पहुंचकर डुगडुगी बजवाकर आसपास के लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी और उसके मकान की दीवार पर संबंधित आदेश की प्रति चस्पा की।पुलिस के मुताबिक, भगवानपुर गांव निवासी सर्वजीत पुत्र रामकिशोर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने समेत कई मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक आचरण को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 के तहत कार्रवाई की गई।यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ के न्यायालय के समक्ष की गई। इसके बाद निगोहां पुलिस टीम आरोपी के निवास पर पहुंची और आदेश की प्रति मकान की दीवार पर चस्पा कराई।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ निगोहां थाने में वर्ष 2019, 2023 और 2025 में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।
