पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज…..
मोहनलालगंज, लखनऊ। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मनोहरापुर निवासी अंजली यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह बीते 8 मई 2025 को उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के असगरगंज निवासी शिवम यादव के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति शिवम यादव, ससुर राकेश कुमार यादव, सास सविता यादव, ननद शिवानी यादव और पति के बाबा जगमोहन यादव द्वारा कथित रूप से उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।
पीड़िता का आरोप है कि ससुरालीजन उस पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। रुपये नहीं लाने पर उसे मायके वालों से बात नहीं करने देने और घर नहीं जाने देने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
