मोहनलालगंज। लखनऊ,
निगोहा थाना क्षेत्र में एक खेत की बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर विवेचक पर धनउगाही के आरोप लगाए गए। पुलिस ने मामले में सफाई देते हुए आरोपी के खिलाफ लखनऊ और रायबरेली के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज होने की बात कही है।पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड आईआरएसएस अधिकारी राम रक्षा ने खेत की बाउंड्री तोड़े जाने के संबंध में थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर अनमोल तिवारी, रोहित तिवारी और लव द्विवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहित सैनी कर रहे हैं।पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी अनमोल तिवारी उर्फ विकास तिवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया। वीडियो में विवेचक पर धनउगाही के आरोप लगाए गए। पुलिस ने इस मामले में पेशबंदी के तौर पर वीडियो वायरल करना बताया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अनमोल तिवारी के खिलाफ निगोहां, बछरावां और मिल एरिया थानों में वर्ष 2018 से 2026 तक मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एससी-एसटी एक्ट के मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है और मुकदमे की विवेचना नियमानुसार जारी है।
