पीड़ित ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार……
निगोहां। लखनऊ,निगोहा थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में कर्ज के लेनदेन के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक मकान पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित राज कुमार ने पड़ोसी महिला और उसके परिजनों पर दबंगई, मारपीट और घर खाली कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।पीड़ित राज कुमार के अनुसार वर्ष 2024 में बेटे के इलाज के लिए उन्होंने पड़ोसी माधुरी देवी से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। सुरक्षा के तौर पर उन्होंने अपना खेत गिरवी रखा था। राज कुमार का दावा है कि वर्ष 2025 में उन्होंने पूरी रकम वापस कर हिसाब चुकता कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद माधुरी देवी ने एक स्टाम्प पेपर के आधार पर उनके पैतृक मकान पर अवैध दावा ठोक दिया।पीड़ित का कहना है कि मकान का विवाद फिलहाल सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी दल मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। राज कुमार ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस विपक्षी के प्रभाव में आकर एकतरफा कार्रवाई कर रही है और उन पर मकान खाली करने का अनुचित दबाव बना रही है।राज कुमार का आरोप है कि बीते दो अगस्त को माधुरी देवी, उनके पति रमेश और बेटे सूरज ने लामबंद होकर उनके घर में अनाधिकृत प्रवेश किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। जब पीड़ित की पत्नी बचाव में आई, तो दबंगों ने उनके साथ भी हाथापाई की और पूरा घर खाली कर गांव छोड़ जाने की धमकी दी।वही स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से हताश पीड़ित ने मुख्यमंत्री दरबार में गुहार लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जालसाजी व मारपीट करने वाले आरोपियों पर प्राथमिक दर्ज करने तथा उनके पैतृक मकान को अवैध कब्जे से सुरक्षित कराने की मांग की है।
