यक्ष एप से अपराधियों का सत्यापन कर गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश, संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश……
मोहनलालगंज, लखनऊ। पुलिस आयुक्त लखनऊ द्वारा 18 अगस्त को आयोजित की जाने वाली अपराध गोष्ठी के मद्देनजर डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने मंगलवार को Google Meet के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्षों के साथ चौकी और बीट प्रभारी शामिल हुए।समीक्षा बैठक में डीसीपी ने चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। अपराधियों का अधिक से अधिक सत्यापन यक्ष एप के माध्यम से कराने और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।
डीसीपी ने थाना व चौकी प्रभारियों को अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने तथा क्राइम प्रिवेंशन और क्राइम डिटेक्शन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित आपराधिक गतिविधियों पर भी गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया।बैठक में हिंदू-मुस्लिम समेत अन्य संवेदनशील मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल संज्ञान लेने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर…….
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और साइबर शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।डीसीपी ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, बीट सूचनाओं के प्रभावी संकलन व सत्यापन तथा बीट पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था की ड्यूटी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता,अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने को कहा।बैठक के दौरान अपराधियों के सत्यापन, अपराधों की रोकथाम, शीघ्र अनावरण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
