निगोहां, लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में हाईवे किनारे खड़ी कार को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर कार के चालक साइड का शीशा तोड़कर अंदर रखे पच्चीस हजार रुपये की नकदी समेत टूल बॉक्स, मोबाइल चार्जर, हवा भरने वाली मशीन और आगे-पीछे के दोनों वाइपर चोरी कर ले गए। सुबह कार का शीशा टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हुई।
निगोहा के मस्तीपुर निवासी दिनेश सिंह यादव के मुताबिक, उनकी औरा कार UP32 PF 5421 हाईवे किनारे खड़ी थी। रात में अज्ञात चोरों ने चालक साइड के दरवाजे का शीशा तोड़कर कार में रखा सामान और नकदी पार कर दी।घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे चोरों की पहचान की जा सके।
निगोहां थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कार का शीशा तोड़कर चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
