नगराम, लखनऊ। नगराम क्षेत्र के कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र तक कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने बुधवार को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने और आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।
प्रचार अभियान के दौरान संगठन के पदाधिकारी माइक लगाकर समेसी चौराहा समेत रामबक्स खेड़ा, भवानी खेड़ा, रसूलपुर, कलंदर खेड़ा, मोहली, अकंताखेड़ा, कमलापुर, विचिलखा, धोबैया, सीफतनगर और कुसभिटा आदि गांवों में पहुंचे। प्रचार वाहन के गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। यूनियन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र तक जाने वाले कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।इस दौरान ग्रामीणों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन देने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से मार्ग के कच्चे होने के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क के डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक वह आंदोलन में संगठन के साथ खड़े रहेंगे।ग्रामीणों ने संगठन के पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़क की समस्या को लेकर अब सभी गांवों के लोग एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। ग्रामीणों ने बुधवार को प्रस्तावित धरने में बड़ी संख्या में पहुंचने और आंदोलन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।अभियान के दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार यादव व रामपाल राजपूत, गांव अध्यक्ष केशव लोधी, दुर्गेश कुमार, रामकुमार, प्रधान पति प्रभादीन, शिवदेवी सहित अन्य पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि बुधवार को कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर होने वाले धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग को मजबूती दें।
