नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने पीड़िताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। दोनों मामलों में महिलाओं ने विपक्षियों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्रकरणों की जांच शुरू कर दी है।पहला मामला पालखेड़ा गांव का है। पालखेड़ा मजरा पतौना निवासी गीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे वह सरकारी नल पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर अमर सिंह पुत्र सुंदर ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर गीता के पिता बीरेंद्र और भाई अनमोल बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों के चोटें आने की बात कही गई है। नगराम पुलिस ने मामले में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।दूसरा मामला मितौली आदमपुर गांव का है। काजल वर्मा पुत्री अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र शर्मा उस पर जबरन बातचीत करने और शादी करने का दबाव बनाता है। आरोप है कि बीते मंगलवार को बाराबंकी मेले से लौटते समय सत्येंद्र शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, राजकुमारी पत्नी सत्येंद्र शर्मा और उनके रिश्तेदार राज शर्मा ने दुकान के पास उसे रोक लिया। तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों, बेल्ट, हेलमेट, झाड़ू और चप्पल से मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।इस मामले में नगराम पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई और जांच की जा रही है।
