निगोहां, लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर निगोहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार टिकरा गांव निवासी निशी यादव ने दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की गई। पीड़िता ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।विवाहिता के मुताबिक घटना चिनहट क्षेत्र के धावा गांव स्थित ससुराल की है। उसने अपने पति शुभम यादव, सास सुधा यादव, ससुर दिनेश यादव, ननद शिखा, शालू यादव तथा देवर ऋषभ यादव, निवासी धावा, चिनहट को नामजद किया है।
पीड़िता की शिकायत पर निगोहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
