
लखनऊ। पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को रायबरेली से आए शिवभक्तों का मोहनलालगंज कस्बे में भव्य स्वागत किया गया। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल रायबरेली के नेतृत्व में यह भक्तों का जत्था जब मोहनलालगंज पहुंचा, तो स्थानीय अमरनाथ सेवा दल के सेवादारों ने पूरे श्रद्धाभाव से इनका अभिनंदन किया।
फूल-मालाओं से स्वागत करने के साथ ही अमरनाथ सेवा दल की ओर से सभी यात्रियों को लंच पैकेट वितरित किए गए, जिससे सभी यात्रियों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल और प्रबल हो गया।सेवा कार्य में अमरनाथ सेवा दल से शिव मोहन सिंह, हिमांशु त्रिपाठी, पारुल गुप्ता, मनोज यादव, राहुल गुप्ता, वंश बहादुर समेत कई अन्य सेवादारों ने भी अहम भूमिका निभाई। इस शुभ अवसर पर ओम शिव शक्ति सेवा मंडल रायबरेली के अध्यक्ष राजेंद्र अवस्थी, वरिष्ठ सदस्य जगदीश चेनानी, महेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त अपने वाहनों के साथ शामिल हुए। पूरा वातावरण “बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
स्वागत कार्यक्रम के बाद जत्था लखनऊ की ओर रवाना हुआ, जहां से वे पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन हेतु अपनी अगली यात्रा आरंभ करेंगे। श्रद्धा, सेवा और भक्ति से ओतप्रोत यह आयोजन न सिर्फ यात्रियों के लिए एक प्रेरणा बना, बल्कि स्थानीय लोगों के बीच भी आस्था का संचार करता नजर आया।अमरनाथ यात्रा पर निकले इन शिव भक्तों के सुरक्षित, सफल और पुण्यमय यात्रा की कामना पूरे क्षेत्रवासियों ने की है।