अमेठी। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने को लेकर अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का दल संग्रामपुर कोतवाली पहुंचा और थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।शिकायत सौंपते हुए जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि “राहुल गांधी अमेठी के बेटे हैं और यहां के हर घर से उनका पारिवारिक नाता है। उनके खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी अमेठी की जनता की भावनाओं का भी अपमान है। कांग्रेस और यूथ कांग्रेस इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस सुनियोजित तरीके से राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। शुभम सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो यूथ कांग्रेस “सड़क से सदन तक संघर्ष करने को मजबूर होगी।”यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी न सिर्फ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता हैं, बल्कि अमेठी के लोगों के लिए परिवार जैसे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणियां पूरे जिले की जनता का अपमान है।इस दौरान यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, विधानसभा अध्यक्ष लोहा सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सभाजीत शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। थाने में दिए गए शिकायती पत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से तत्काल FIR दर्ज करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी।
