नगराम। लखनऊ नगराम क्षेत्र के छतौनी गांव में मजदूर की मौत का मामला अब रहस्यमय होता जा रहा है। बीते गुरुवार को घर से निकले मजदूर रामफेर का शव शुक्रवार सुबह नाले में बरामद हुआ था। मामले में रविवार को मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।छतौनी गांव निवासी 40 वर्षीय मजदूर रामफेर गुरुवार शाम घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन शुक्रवार सुबह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक प्लॉटिंग साइट के किनारे, इंदिरा नहर के पास नाले में रामफेर का शव पड़ा मिला।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की जगह से मृतक का मोबाइल फोन और चप्पलें गायब थीं। हालांकि, शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट का स्पष्ट निशान नहीं मिला।घटना के दो दिन बाद रविवार को मृतक के भाई सुभाष ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। सुभाष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।तहरीर के आधार पर नगराम पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।नगराम थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया”मृतक रामफेर के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और स्पष्ट हो सकेगी।गांव में मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रामफेर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक हुई मौत से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
