निगोहां।लखनऊ,भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं प्रख्यात किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर सोमवार को निगोहा के लालपुर गांव में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों किसान, ग्रामीणजन और स्थानीय पदाधिकारी एकत्र हुए और पुष्प अर्पित कर महान किसान नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता विनोद वर्मा ने की, जबकि संचालन नवीन मिश्रा ने किया। श्रद्धांजलि सभा में रामचंद्र रावत, मनोज पटेल, धनीराम, वीरेंद्र सिंह सहित अनेक किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभा को संबोधित करते हुए विनोद वर्मा ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने अपने जीवनकाल में किसानों के हक की लड़ाई निर्भीकता से लड़ी। उन्होंने हमेशा किसानों की आवाज सरकार तक पहुँचाने का काम किया। उनके नेतृत्व में हुए किसान आंदोलनों ने पूरे देश में किसानों को एकजुट कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।उन्होंने कहा कि टिकैत जी ने किसानों की समस्याओं को लेकर जो आंदोलन खड़ा किया, वह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे किसान समाज की ताकत का प्रतीक था। “उनके आदर्श और विचार आज भी हम किसानों के संघर्ष का मार्गदर्शन करते हैं,उन्होंने कहा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत किसान नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।सभा के बाद किसानों ने एकजुटता का संकल्प लेते हुए कहा कि वे चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के बताए रास्ते पर चलकर किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
